Monday, June 15, 2015

चौधरी परिवार घोषित होगा फरार

तीन समन के बाद भी हाजिर न होने के बाद ईडी ने जूम के संचालकों पर कसा शिकंजा 

इंदौर. विनोद शर्मा ।
जिस प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के नाम से ए.राजा, ललित मोदी और सुरेश कलमाड़ी जैसे घपलेबाज कांपते हैं उसके तीन-तीन समन के बाद भी जूम डेवलपर्स के संचालक हाजिर नहीं हुए। इसीलिए ईडी ने भी उन्हें सबक सिखाने के लिए कमर कस ली है। इस कड़ी में ईडी न सिर्फ कोर्ट की शरण लेगा बल्कि विजय चौधरी, उनकी पत्नी मंजरी चौधरी और बेटी भव्या-दिव्या चौधरी को फरार घोषित करवाएगा। उधर, यूनियन बैंक में हुए 64 करोड़ के कर्जाकांड में सीबीआई की चार्जशीट पर कोर्ट पहले ही चौधरी परिवार के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर चुकी है।
सीबीआई द्वारा चार्जशीट सौंपे जाने के बाद से अब तक ईडी चौधरी परिवार को तीन बार समन जारी कर चुका है। आखिरी समन मई के आखिरी सप्ताह में जारी हुआ। हालांकि अब तक चौधरी परिवार की कोई खैर खबर नहीं है। इसीलिए ईडी ने भी सख्त लहजा अपनाते हुए चौधरी परिवार को फरार घोषित करवाने की तैयारी कर ली है। इस संबंध में कोर्ट की शरण ली जाना है।
यूएस में छिपा है चौधरी...
सूत्रों की माने तों पुलिस, सीबीआई और ईडी जिस विजय चौधरी को तलाश रहे हैं वह यूएस में छिपा है। इसकी जानकारी ईडी को भी मिली है। नियमानुसार प्रिवेंशन आॅफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत किसी भी देश में समन दिया जा सकता है। इसीलिए ईडी भी इसके लिए तैयार है। इंतजार है तो सिर्फ सूचना की पुष्टि का। उधर, एक सूचना यह भी है कि चौधरी दंपति दुबई में है।
क्यों होना है पूछताछ...
विजय चौधरी : जूम डेवलपर्स का संचालक है। बैंक गारंटी और विदेश में निवेश के नाम पर बैंकों को 2650 करोड़ की चपत लगाई। फिलहाल, चौधरी मेग्नीफिकेंट होटल प्रा.लि., मेग्नीफिकेंट इन्फ्रास्ट्रक्चर  प्रा.लि., जूम सॉफ्टेक प्रा.लि., रजत इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रा.लि., जूम रियलिटी डेवलपमेंट प्रा.लि., जूम डेवलपर्स प्रा.लि., जूम वल्लभ स्टील लिमिटेड, चौधरी इनोवेटिव बिजनेस प्रा.लि.,सनस्टार इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रा.लि. और ब्रिलियंट इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. में डायरेक्टर है।
मंजरी चौधरी : विजय चौधरी की पत्नी है। मंजरी जेमी ऐससरीज प्रा.लि., क्लासी इन्फ्रा डेवलपर्स प्रा.लि., फ्रंटलाइन स्टोंस प्रा.लि.,हिंदुस्तान पेटरौट्स प्रा.लि., जूम रियलिटी प्रोजेक्ट प्रा.लि., मेग्नीफिकेंट कंस्ट्रक्शन प्रा.लि. स्काईव्यू इन्फ्रा बिल्डवेल प्रा.लि., हार्ड रॉक इनफ्राटेक प्रा.लि., अटलांटा इन्फ्राबिल्ड प्रा.लि. लाइट हाउस बिल्डवेल प्रा.लि. में डायरेक्टर है।
दिव्या और भव्या चौधरी : अब तक की जांच में कई ऐसे तथ्य सामने आए हैं कि चौधरी ने जितने भी पैसे की हेरफेर करके कमाए हैं उनका बड़ा हिस्सा पत्नी और बेटियों के नाम पर निवेश किया।
जूम समूह से जुडेÞ अन्य लोगों से भी होगी पूछताछ...
इनमें शरद काबरा  से पूछताछ हो चुकी है। अन्य जिनसे पूछताछ हो सकती है उनमें मंजरी के भाई वरूण पिता बिहारीलाल केजरीवाल, अनिल कुमार जयप्रसाद, मीनू अरदेशीर पार्दीवाला, सुशांता श्यामसुंदर प्रधान, राजेंद्रकरणमल भूटा, गोकुल प्रसाद अग्रवाल जैसे वे तमाम लोग शामिल हैं जो जूम डेवलपर्स प्रा.लि. या फिर उससे जुड़ी अन्य कंपनियों में चौधरी दंपत्ति के साथ डायरेक्टर हैं। 

No comments:

Post a Comment