Saturday, June 3, 2017

बॉबी ने ‘नवभारत’ में खाई मुंह की, अब सर्वानंद से भी मिले सबक

प्रशासनिक सख्ती के बाद जागी उम्मीद
इंदौर. विनोद शर्मा ।
नवभारत गृह निर्माण सहकारी संस्था की  सदस्यता सूची खारिज होने और चुनाव रद्द होने से कुख्यात भू-माफिया रणवीरसिंह उर्फ बॉबी छाबड़ा बेकफुट पर है। इसीलिए अब अवैध इमारतों का अड्डा बनकर रह गए बॉबी और उसके गुर्गे गोपाल दरियानी के सर्वानंदनगर पर भी कार्रवाई की मांग तेज हो चुकी है। गौरतलब है कि औद्योगिक उपयोग की जमीन पर सर्वानंद हाउसिंग सोसायटी के बैनर तले इस कॉलोनी में प्लॉटों को जोड़कर भव्य होटलें और रो-हाउसेस बनाए जा रहे हैं।
ग्राम पीपल्याराव के सर्वे नंबर 171, 172 और 173 की करीब 17 एकड़ जमीन सर्वानंद गृह निर्माण सहकारी संस्था की हुआ करती थी जिसकी बॉबी छाबड़ा ने बड़े स्तर पर बंदरबांट की। अब संस्था के नाम पर सिर्फ डेढ़ एकड़ ही जमीन बची है। वहीं मास्टर प्लान 1975 से लेकर 2021 तक में पीपल्याराव की इस जमीन का भू-उपयोग औद्योगिक के रूप में आरक्षित है। बावजूद इसके यहां संस्था ने मनमाने तरीके से गैरसदस्यों को प्लॉट थमा दिए और उन्हें मनमाने निर्माण की छूट दे डाली। बीते दिनों नवभारत संस्था की सूची रद्द करके प्रशासन ने दिखा दिया कि बॉबी की सिक्का चल नहीं पा रहा है। इसीलिए क्षेत्रवासी नगर निगम से भी उम्मीद कर रहे हैं कि यहां कड़ी कार्रवाई हो। ताकि अवैध निर्माण टूटे। संस्था सदस्यों को उनका हक मिले।
बिलावली जोन के सामने निगम की छूट
सर्वानंदनगर नगर निगम के बिलावली जोन के ठीक सामने है। बावजूद इसके इस अवैध कॉलोनी में लगातार बिना किसी अनुमति के निर्माण होते रहे। सिर्फ लोगों के घर ही नहीं बने। आठ-आठ प्लॉटों को जोड़कर भू-माफियाओं ने होटल तान दिए हैं। वहीं बॉबी छाबड़ा के रिश्तेदारों ने पांच डुप्लैक्स बनाए और 45 से 50 लाख में बेच डाले। इसके बाद मोर्चा संभाला उसके गुर्गों ने जिनमें पवन सिंधी का नाम भी शामिल है जो मौके पर पांच डुप्लैक्स बनाकर बैठा है। ये डुप्लैक्स 70 से 80 लाख तक में बेचे जा रहे हैं।
अवैध कॉलोनी में बटने लगा लोन
बड़ी बात यह है कि यहां बड़े-बड़े बोर्ड लगे हैं जिन पर लिखा है सर्वानंदनगर में होम लोन उपलब्ध है। यदि आपको प्लॉट खरीदना है, मकान बनाना है, तो होमलोन और यदि बने हुए मकान-बंगले पर लोन चाहिए तो मॉडगेज लोन भी उपलब्ध है। लोन प्राइवेट बैंकों के माध्यम से कराए जा रहे हेैं।
आज तक नियमित नहीं हुई कॉलोनी
औद्योगिक उपयोग की जमीन पर बनी इस कॉलोनी का अब तक नियमितीकरण नहीं हुआ है। 2009-10 में प्रशासन और पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान के बाद संस्था से नियमितीकरण का आवेदन लगाया था लेकिन इंदौर विकास प्राधिकरण की आपत्तियों के कारण अब तक नियमितीकरण हो नहीं पाया है। इसीलिए संस्था नगर निगम की कार्रवाई से बचने के लिए लगातार निर्माण करवा रही है।
दबंग दुनिया की लगातार नजर
मामले में दबंग दुनिया लगातार समाचार प्रकाशित करके बॉबी और गोपाल दरियानी जैसे उसके टोपीबाज गुर्गों की पोल खोलता आ रहा है। इस संबंध में मुख्यमंत्री हैल्पलाइन पर भी दबंग दुनिया की ओर शिकायत की जा चुकी है जिसका घुमाऊ जवाब देना नगर निगम को महंगा पड़ सकता है। निगम ने कहा था कि कॉलोनी अवैध है इसीलिए यहां नक्शे पास नहीं होते। जब वैध होगी कॉलोनी तब अवैध निर्माण पर कार्रवाई करेंगे। 

No comments:

Post a Comment