Thursday, August 21, 2025

भारतीय शेयर बाजार को टेंशन नहीं दे पाया ट्रम्प का टैरिफ वॉर!


उल्टा, दोनों सूचकांकों में 4.5 फीसदी की उछाल दर्ज, 5 फरवरी 2021 के बाद का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 
MCap 419.6 लाख करोड़ के पार
2 अप्रैल के बाद मुनाफा देने वाला दुनिया का इकलौता बाजार 
नौ दिन में 4,706.05 अंकों की बढ़त 
निवेशकों की संपत्ति चार दिन में 25.77 लाख करोड़ रुपये बढ़ी
विनोद शर्मा ।  
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जब 2 अप्रैल को सभी देशों पर टैरिफ लगाने का ऐलान किए, तो दुनिया भर के शेयर बाजार हिल गए… लेकिन एक देश ऐसा रहा जो मजबूती से खड़ा रहा – और वो है अपना भारत! भारतीय शेयर बाजार ने 2 अप्रैल के बाद हुए सभी नुकसान की न सिर्फ भरपाई कर ली है, बल्कि अब यह उससे ऊपर निकल गया है। पूरी दुनिया में यह इसका इकलौता शेयर बाजार है, जिसके निवेशक 2 अप्रैल के बाद से मुनाफे में हैं। 
 सेंसेक्स 1,509 अंक यानी 1.96 फीसदी की बढ़त के साथ 78,553 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 415 अंक या 1.7 फीसदी के इजाफे के साथ 23,852 पर टिका। सप्ताह के दौरान दोनों सूचकांकों में 4.5 फीसदी की उछाल दर्ज हुई जो 5 फरवरी 2021 के बाद का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। बीएसई में सूचीबद्ध फर्मों का कुल बाजार पूंजीकरण 4.6 लाख करोड़ रुपये की उछाल के साथ 419.6 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। शुक्रवार को ‘गुड फ्राइडे’ के कारण शेयर बाजार बंद रहा। अमेरिका के शुल्क पर अस्थायी रोक, विदेशी निवेशकों की घरेलू बाजार में वापसी और दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान सामान्य से अधिक बारिश की भविष्यवाणी के कारण बाजार बढ़त में रहा है। 
 पिछले चार कारोबारी सत्रों में शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में छह प्रतिशत से अधिक की तेजी आई है। आंकड़ों के लिहाज से बात करें तो पिछले चार कारोबारी दिनों में बीएसई सूचकांक 4,706.05 अंक यानी 6.37 प्रतिशत बढ़ा जबकि एनएसई निफ्टी में 1,452.5 अंक यानी 6.48 प्रतिशत की तेजी रही। इसके साथ, चार दिन में निवेशकों की संपत्ति 25.77 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 4,19,60,046.14 करोड़ रुपये (4,900 अरब डॉलर) हो गई।
 विशेषज्ञों की मानें तो विदेशी कोष प्रवाह, अमेरिका के शुल्क पर अस्थायी रोक तथा भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा उदार मौद्रिक नीति रुख अपनाने जैसे कई कारकों ने वैश्विक व्यापार अनिश्चितता के बावजूद भारतीय बाजारों में तेजी को बढ़ावा दिया है। पिछले तीन कारोबारी सत्रों में, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने लंबे समय तक बिकवाली के बाद एक अरब डॉलर से अधिक मूल्य के भारतीय शेयर खरीदे हैं। इसके अलावा, अमेरिका के शुल्क पर अस्थायी रोक की घोषणा और दोनों देशों के साथ संभावित बातचीत से भी धारणा को बढ़ावा मिला।
बीएसई सेंसेसक्स  
24 मार्च 77924.50  
28 मार्च 77414.92 -509.58
4 अप्रैल 75364.69 -2050.23
9 अप्रैल 73847.15 -1517.54
11 अप्रैल 75157.26 +1310.11
15 अप्रैल 76734.89 +1577.63
16 अप्रैल 77055.29 +320.4
17 अप्रैल 78553.20 +1497.91
9 से 17 अप्रैल के बीच सेंसेक्स 4,706.05 बढ़ा है और 24 मार्च को जो स्थिति थी उससे भी आगे निकल गया है।  
   11 अप्रैल 17 अप्रैल अंतर
निफ्टी 50 22828.55 23851.65 +1023.1
निफ्टी बैं क 51002.35 54290.20 +3287.85
एनएफएस 24555.55 26071.60 +1516.05
एनपीएस 11226.30 11668.15 +441.85

No comments:

Post a Comment