Thursday, August 21, 2025

क्लीनिक का 5 महीने में दो बार लोकार्पण भी नहीं दे पाया जीतू को संजीवनी

क्लीनिक का पांच महीने में दो बार लोकार्पण भी नहीं दे पाया जीतू को 'संजीवनी'
5 अगस्त पहला और 7 जनवरी को दूसरा लोकार्पण
दोनों ही कार्यक्रम में महापौर-विधायक अतिथि
इंदौर से अंतरध्यान टीम जीतू पहुंची प्रयागराज
इंदौर. विनोद शर्मा ।  
पार्षद कमलेश कालरा के घर पर हमला कराने और सिंधी समाज के द्वारा पुलिस को शिकायत कराए जाने के बावजूद पार्षद जीतू यादव का कॉन्फिडेंस चरम पर था। 7 जनवरी को पांच महीने में दूसरी बार संजीवनी क्लीनिक का लोकार्पण कराकर उन्होंने जलवा दिखाने की कोशीश भी की। कामयाबी मिलती भी। तब तक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की नाराजगी और संगठन की सख्ती ने सब किए-कराए पर पानी फेर दिया। 
 कमलेश कालरा के घर पर हमला कराने के बाद स्वयं को चौतरफा घिरता देख जीतू ने ठान लिया था कि वह संगठन को एक बार फिर अपनी ताकत दिखाएंगे। इसीलिए विजन 2047 के रवींद्र नाट्य गृह में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने यह जचाने की कोशीश कि उन्हें आरोपों से फर्क नहीं पड़ता। कुछ पिछलग्गू मीडिया बंधुओं ने भी उनकी तारीफ में कसीदे गढ़ दिए। इससे हिम्मतजदा जीतू ने 7 जनवरी की दोपहर मां कनकेश्वरी देवी संजीवनी क्लीनिक का शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित कर दिया। महापौर पुष्य मित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, एमआईसी सदस्य बबलू शर्मा की मौजूदगी में भाषणबाजी के दौरान जीतू ने इठलाते हुए अपनी बात रखी और तमाम आरोपों को झूठा बताकर अपनी साफ-स्वच्छ छवि बताने की कोशीश की।
 जबकि हकीकत यह है कि मां कनकेश्वरी देवी संजीवनी क्लीनिक का शुभारंभ 5 महीने पहले ही हो चुका था। तब भी महापौर और विधायक ने ही फीता काटा था। ऐसे में सवाल यह उठता है कि आयोजन के पीछे जीतू का जो भी मकसद रहा हो लेकिन महापौर और विधायक को तो कमसकम ये पूछना चाहिए था कि आखिर पांच महीनें में दोबारा लोकार्पण क्यों कराया जा रहा है। यूं तो महापौर ने निगम की फिजूलखर्ची को लेकर कमर कस रखी है, फिर इस आयोजन को छूट क्यों दी? यह सवाल अब सबके जहन में है। 
इंदौर से गायब...प्रयागराज पहुंचे जीतू....
सूत्रों की मानें तो शनिवार को संगठन द्वारा छह साल के लिए निष्काशित किए जाने और महापौर द्वारा एमआईसी से हटाए जाने के बाद जीतू और उनके समर्थकों ने इंदौर छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि वे प्रयागराज गए हैं महाकुंभ में 13 जनवरी का शाही स्नान करने। 
 धरपकड़ जारी है...
डीसीपी (जोन-2) अभिनय विश्वकर्मा और डीसीपी (जोन-4) ऋषिकेश मीणा ने परदेशीपुरा और एमआइजी थाने की खुफिया टीम से आरोपितों के मकान-दुकान और उठक-बैठक के अड्डों की रैकी करवा कर एक साथ दबिश दी। जीतू के करीबी लोकेश प्रजापत के घर की तलाशी ली। तीन पुलिया स्थित कमलदीप मार्केट में सोनू बैस उर्फ सोनू सूरवीर की तलाश की। जहां सोनू की ज्वैलरी शॉप है। उसके भाई उदय को हिरासत में लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद दुकान बंद करवा दी। 
22 आरोपियों की लिस्ट तैयार हुई...
सीएम के आदेश के बाद एसआईटी गठित की गई। कुल 22 आरोपी चिन्हित किए गए है। कुछ आरोपियों के यहां दबिश भी दी गई। लेकिन वह नहीं मिले। पुलिस ने जीतू के साथियों के यहां दबिश दी है। जिसमें सोनू जिनका सोना चांदी का काम है। वह नही मिला। उसके परिवार से पूछताछ कर पुलिस वापस आ गई। फिलहाल पुलिस को धन्ना राय, धीरज शिंदे, नवीन शर्मा, आशीष मालवीय, संपत यादव, मिथुन डागर, अभिलाष यादव, नितिन अड़ागले, देवेन्द्र सरोज, सोनू सूरवीर, गोलू आदिवाल, दिलीप बसवाल, नाथू काला, लोकेश प्रजापत, संतोष केमिया, परमजीत तोमर, विशाल गोस्वामी, दीपू काका, बंटी पिंटू, अक्षय और बंटी ठाकुर की तलाश है।
एक हमलवार और चिह्नित
कालरा के घर पर हमला करने वालों में से वीडिया के आधार पर एक की और शिनाख्त हुई है। इसका नाम प्रमोद सिंह भदोरिया उर्फ लम्बू डॉन है। इस पर विभिन्न थानों में पहले भी अपराध दर्ज है।

No comments:

Post a Comment