Tuesday, July 12, 2016

पोषण आहार वाले एमपी एग्रो समूह पर आयकर का छापा

4000 करोड़ के घपले के आरोपों के बीच इन्वेस्टिगेशन विंग की बड़ी कार्रवाई
इंदौर. चीफ रिपोर्टर ।
पोषण आहार और रीयल एस्टेट के साथ मीडिया से जुड़े तीन समूहों के खिलाफ इनकम टैक्स इन्वेस्टिगेशन विंग ने मंगलवार को छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई इंदौर, भोपाल और मुंबई सहित कुल 35 ठिकानों पर हुई। मंगलवार शाम तक इंदौर में 11 लॉकर, 35 लाख नकद और करीब आधा किलोग्राम ज्वैलरी के साथ 25 सिस्टम-लेपटॉप का डाटा जब्त किया गया।
विंग ने मध्यप्रदेश न्यूट्रीशन फूड और श्री कृष्ण देवकान लिमिटेड की करीब एक दर्जन सहयोगी कंपनियों पर कार्रवाई की। इसमें एक मीडिया समूह भी है। कार्रवाई इंदौर में 23, भोपाल में 5 और मुंबई के सात स्थानों पर हुई। सूत्रों के अनुसार 800 करोड़ के दलिया घोटाले में सुप्रीम कोर्ट से फटकार लगने के बाद आयकर विभाग ने छापे की कार्रवाई की है। हाल ही में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी कंपनी का एक प्लांट खोले जाने की बात कही गई थी। कार्यवाही को 60 से अधिक आयकर अधिकारियों और 100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने अंजाम दिया। अधिकारियों ने बताया कि अघोषित आय से संबंधित बड़ी तादाद में दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
इंदौर में कार्रवाई यहां हुई
भक्त प्रहलादनगर, 31 जीवनदीप कॉलोनी, 38 जीवनदीप कॉलोनी, 95/96 सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर ई, स्टारलिट टॉवर, 7/1 वायएन रोड स्थित बंगला और आॅर्बिट मॉल स्थित सीए के आफिस।
यह थी शिकायत
पिछले 5 साल के दौरान एमपी एग्रो जैसी एजेंसी को पोषण आहार का ठेका देकर आंगनबाड़ियों के जरिए होने वाले पोषण-आहार वितरण के नाम पर जमकर गोलमाल किया गया। आलम यह रहा कि एमपी एग्रो को साढ़े 4000 करोड़ का भुगतान कर दिया गया, जिसके मुकाबले जमीनी स्तर पर काम नजर नहीं आया। इसकी शिकायत बालाघाट लांजी से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक किशोर समरीतेन् ने की है। आरोप है कि एमपी एग्रो ने अपनी ही भागीदारी वाली फर्मों से ढाई फीसदी कमीशन वसूली जो करीब 30 करोड़ होती है। सुप्रीम कोर्ट का भी मानना है कि ठेका पद्धति से पोषण आहार की गुणवत्ता सुनिश्चित करना टेढ़ी खीर है। इसीलिए स्वसहायता समूहों व आंगनबाड़ियों को इस सिलसिले में प्राथमिकता दी गई बावजूद इसके यहां एमपी एग्रो जैसी कंपनियां काम कर रही है।
कौनसी कंपनी किसकी
एमपी एग्रो न्यूट्री फुड्स लि. सांवेर रोड, इंदौर- नरेंद्र जैन, रवींद्र चतुर्वेदी, व्यंकटेश्वर राव धवल, हेमेंद्रसिंह नाबेडा, सखाराम पंडित, लखपतकुमार जैन, अनिल जैन, जय पेरुलिया
एमपी एग्रो फुड्स इंडस्ट्री, मंडीदीप- बृजेशकुमार गुप्ता, ऋृषि गोयल, रवींद्र चतुर्वेदी, व्यंकटेश्वर राव धवल, अंशुकुमार जिंदल, गिरजाशंकर अवस्थी, कृष्णकुमार श्रीवास्तव, आनंदप्रकाश नेमा
एमपी एग्रोटोनिक लि. मंडीदीप- रवींद्र चतुर्वेदी, व्यंकटेश्वर राव धवल, अंशुल जैन, प्रमोदचंद्र महनोत, अजय कपूर, समकित हिरावत, निशा सिंह
श्री कृष्ण देवकॉन लिमिटेड -  शैलेषकुमार जैन, दिनेश जोशी, अशोक सेठी, पुरुषोत्तमदास बैरागी, मुकेश कुमार जैन, सुनील कुमार जैन, नवीनकुमार जैन और प्रकशाली जैन। इस कंपनी का पंजीबद्ध पता मुंबई है।
श्री कृष्ण देवकॉन, मप्र टू-डे मीडिया प्रा.लि., नवकार फिनवेस्ट लि.श्री वृजराज डेवलपर्स प्रा.लि., श्रृद्धी डेवलपर्स प्रा.लि., एसकेडीएल डेवलपर्स, श्रीधर मीडिया, गोल्ड शेपियर्स डेवलपर्स प्रा.लि जैसी कंपनियों में भी सुनील जैन डायरेक्टर हैं।

No comments:

Post a Comment