Tuesday, July 5, 2016

‘मजाक बनाकर रख दिया मामले को’

इंदौर. चीफ रिपोर्टर ।
क्राइम ब्रांच- सरकारी जमीन कहां है..? आरआई- देखते हैं, यहीं कहीं है..। क्राइम ब्रांच-जिस नाले पर कब्जा किया वह कहां है..? आरआई- यहीं है, छोटा था...। क्राइम ब्रांच- ऐसा लग रहा है आप लोग तैयारी करके नहीं आए हो। पूरे मामले को मजाक बना रखा है। गुरुवार को फिनिक्स टाउन पहुंची क्राइम ब्रांच और राजस्व अधिकारियों के बीच कॉलोनी को लेकर कुछ इसी अंदाज में तीखी बातचीत हुई। अंतत: क्राइम ब्रांच ने कह दिया कि दो दिन बाद यहीं मुलाकात होगी, तैयारी करके आना।
तय कार्यक्रम के तहत गुरुवार दोपहर एक तरफ क्राइम ब्रांच की टीम चिराग शाह और मनीषसिंह पंवार को फिनिक्स टाउन पहुंची तो दूसरी तरफ आरआई और पटवारी दस्तावेज लेकर पहुंचे। आरोपियों और उनके पीड़ितों के सामने क्राइम ब्रांच की टीम ने दस्तावेजों के आधार पर आरआई योगेंद्र राठौर और पटवारी अनिता कुंभकर से जानकारी चाही। दस्तावेज हाथ में होने के बाद भी दोनों अधिकारी सही तरीके से जवाब नहीं दे पाए। इस पर क्राइम ब्रांच के अधिकारी बिफर पड़े। उन्होंने कहा कि इन भुमाफियाओं को जो करना थे ये कर गए लोगों को हमसे उम्मीद है कमसकम हम तो सही से काम कर लें। आप लोगों का रवैया देखकर तो लगता ही नहीं कि आप केस में मदद कर रहे हैं। इस पर दोनों अधिकारियों ने कहा कि ऐसा नहीं है लेकिन दस्तावेज और मौका स्थिति समझना पड़ेगी। जवाब में क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने कहा कि ठीक है जो तैयारी करना है कर लो, दो दिन बाद फिर यहीं मुलाकात होगी। तब ऐसे मत करना।
आधे घंटे की जांच, नतीजा सिफर
दोनों टीम आधे घंटे तक कॉलोनी में रही। इस दौरान जांच के नाम पर सिर्फ आधी-अधूरी जानकारियां ही परौसी गई जिसे लेकर बार-बार बहस हुई। रहवासियों ने भी राजस्व अधिकारियों पर आरोप लगाया कि इन सबकी मिलीभगत से ही भू-माफियाओं ने मनमानी की है।

No comments:

Post a Comment