Monday, December 28, 2015

डीटीएम से लिया डीआईसी ने जमीन का कब्जा

इंदौर. चीफ रिपोर्टर ।
उद्योग के लिए लीज पर मिली सरकारी जमीन को किराए पर देकर 3.5 लाख रुपए महीना कमाने वाली डीटीएम ग्लोबल से जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र (डीआईसी) ने गुरुवार को जमीन का कब्जा ले लिया। डीआईसी ने पूरा परिसर सील कर दिया और शासन  को कब्जा रिपोर्ट भी भेज दी। अब शासन को तय करना है कि इस जमीन का क्या और कैसे उपयोग करना है।
मप्र स्टेट इंडस्ट्री कॉर्पोरेशन (एमपीएसआईसी)   की जमीन का डीटीएम द्वारा किए जा रहे दुरुपयोग और डीआईसी द्वारा की गई जमीन का कब्जा लेने की तैयारी का खुलासा दबंग दुनिया ने गुरुवार के अंक में सबसे पहले किया था। इसके बाद गुुरुवार सुबह 11.30 बजे एसडीएम संतोष टेगौर और जीएम डीआईसी आत्माराम सोनी के निर्देशन में डीआईसी की टीम कब्जा लेने पहुंची। मौके पर पहुंचते ही टीम ने सबसे पहले किराएदारों का सामान परिसर से बाहर रखवाया। बाद में सुपुर्दनामा/पंचनामा तैयार करके परिसर सील कर दिया।
बिजली काटी.....
डीटीएम के नाम पर जो बिजली कनेक्शन था उससे सभी शेड को बिजली बांट दी गई थी। डीआईसी द्वारा बार-बाल लिखे गए पत्र के बाद गुरुवार को बिजली कंपनी के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और बिजली कनेक्शन काट दिया। अधिकारियों ने बताया कि बिजली सबलेट करना अपराध है।
कब्जा रिपोर्ट सरकार को भेजेंगे..
डीआईसी ने जिस जमीन का कब्जा लिया उसका क्षेत्रफल 166834 वर्गफीट है। यह जमीन डीआईसी आॅफिस वाली रोड पर ही है। इसीलिए यहां बाजार कीमत तकरीबन 2000 रुपए/वर्गफीट बताई जा रही है। इस मान से जमीन 33.36 करोड़ से ज्यादा है। बहरहाल, उद्योग आयुक्त के आदेश पर डीआईसी ने कब्जा ले लिया है अब डीआईसी कब्जे की रिपोर्ट भोपाल भेजेगी।
यह था मामला..
स्वयं अपनी कंपनी चलाने वाले एसआईसी ने अनुबंध के तहत जमीन डीटीएम को दी थी। अनुबंध 2007 में खत्म हुआ। 2012 से डीआईसी ने कब्जा लेने की कार्रवाई शुरू कर दी। एसआईसी-डीटीएम के बीच हिस्सेदारी का मामला हाईकोर्ट-आर्बिटेशन में है।

No comments:

Post a Comment