Tuesday, February 9, 2016

बस लेन के दोनों ओर बनेगा फ्लाईओवर

शिवाजी जंक्शन के लिए पीडब्ल्यूडी का एक्शन प्लान
- अभी होलकर कॉलेज के सामने है दो तरफा फ्लाईओवर
इंदौर. विनोद शर्मा ।
बीआरटीएस के शिवाजी प्रतिमा जंक्शन पर जल्द ही सिग्नल बंद होने से वाहनों की लंबी कतार नहीं लगेगी। जिम्मेदारी को लेकर छिड़ी लंबी जंग के बाद लोक निर्माण विभाग ने जंक्शन पर फ्लाईओवर बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इस फ्लाईओवर को होलकर कॉलेज के सामने बने फ्लाईओवर की तरह डिजाइन किया जा रहा है ताकि बस लेन यथावत रहे लकिन दोनों तरफ की जनरल लेन के वाहन ऊपर से आ-जा सके। आईडीए ने फ्लाईओवर के लिए पीडब्ल्यूडी के नाम पर सहमति तो दे दी है लेकिन इस संबंध में लिखित पत्रचार नहीं हुआ है इसीलिए फ्लाईओवर का भविष्य आगामी बजट में भी प्रभावित हो सकता है।
जंक्शन पर फ्लाईओवर कौन बनाएगा? इसे लेकर आईडीए और पीडब्लयूडी के बीच अर्से तक असमंजस चलता रहा। आईडीए ने हाथ खींच लिए हैं। अब पीडब्लयूडी ने अपने हिसाब से ब्रिज को बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। फ्लाईओवर की फाइल बनाकर मंजूरी के लिए भोपाल भेजी जा चुकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि बजट सत्र में इस फ्लाईओवर को मंजूरी मिल जाएगी। हालांकि इसके लिए जरूरी है आईडीए की लिखित सहमति जो अब तक पीडब्लयूडी को नहीं मिली है।
ऐसा होगा फ्लाईओवर...
-- होलकर कॉलेज की तरह बस लेन के दोनों ओर जो सामान्य लेन है वहां बनेगा फ्लाईओवर। इसकी लंबाई 450 मीटर होगी। चौड़ाई (एक साइड 10 मीटर) होगी।
-- होलकर कॉलेज के सबवे में वाहनों को निकलने की जगह नहीं है लेकिन यहां एमवायएच से रिंग रोड की ओर का ट्रेफिक फ्लाईओवर के नीचे से गुजरेगा। बस लेन के सिग्नल यथावत रहेंगे।
-- फ्लाईओवर हार्डिया कम्पाउंड के पास से शुरू होगा और स्टेडियम जोन तक बनेगा। दोनों ओर के फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड भी होगी।
-- छोटा नेहरू स्टेडियम की ओर वाला रोड बंद करके इसे सिर्फ चौराहे की तरह विकसित किया जा सकता है। अभी यह पंच राहा है।
थोड़ी बदल सकती है ट्रेफिक व्यवस्था
नए फ्लाईओवर के साथ चौराहे की ट्रेफिक व्यवस्था भी बदल सकती है। अभी रेसीडेंसी या वीआईपी एरिया के जो जज-अधिकारी व अन्य लोग छोटा नेहरू स्टेडियम की ओर से आते-जाते हैं उन्हें इस रास्ते को बंद करके व्हाइट चर्चा के पीछे, बीएसएनएल के जीएम हाउस के सामने से होते हुए गीताभवन चौराहे तक आना पड़ सकता है। इसी तरह एमवाय के सामने से आने वाली भोपाल या अन्य रूट की बसों को बस नेहरू प्रतिमा से गीताभवन-डाककुंज और कृषि कॉलेज होते हुए नया रूट दिया जा सकता है। इससे दवा बाजार के पास और एमवाय के सामने भी जाम नहीं लगेगा।
नए बजट में मिलेगी मंजूरी...
फ्लाईओवर की डिजाइन व डिटेल्स मंजूरी के लिए भोपाल भेज दी है। नए बजट में मंजूरी मिलने की उम्मीद है। प्रोजेक्ट को ऐसे डिजाइन किया जा रहा है ताकि काम में ज्यादा वक्त न लगे। कोशिश यही होगी कि सालभर में काम पूरा हो।
आर.एन.मिश्रा, एक्जीक्यूटिव इंजीनियर
पीडब्लयूडी (ब्रिज सेल)
फ्लाईओवर को पहले आईडीए बनाने वाला था लेकिन अब इसका काम पीडब्ल्यूडी अपने स्तर पर कराएगा
शंकर लालवानी, अध्यक्ष
आईडीए

No comments:

Post a Comment