Thursday, February 18, 2016

जमीन पर फैला सेंट्रल मॉल खाते में सिमटा

पहले अवैध निर्माण, अब करोड़ों का संपत्ति कर चोरी
इंदौर. विनोद शर्मा ।
अधिकारियों के सहयोग से सभी विभागों की आंखों में धूल झौंककर नमन मॉल मैनेजमेंट कंपनी प्रा.लि. ने  पहले मनमाना सेंट्रल मॉल ताना और अब संपत्ति कर की भी भारीभरकम चोरी कर रही है। मॉल जमीन पर जितना फैला हुआ नजर आता है, राजस्व दस्तावेजों में उतना ही सिकुड़ा हुआ है। नगर निगम के राजस्व विभाग के अनुसार मॉल बना करीब 5.20 लाख वर्गफीट है जबकि टैक्स चुकाया जा रहा है 2.05 लाख वर्गफीट का ही।
नमन मॉल ने 13 दिसंबर 2006 को 30 मीटर ऊंचे मॉल और मल्टीप्लैक्स के लिए आवेदन किया था। इसमें प्लॉट नं. 170 का क्षेत्रफल 6877.32 वर्गमीटर (74026 वर्गफीट) बताया गया। इस प्लॉट पर बाद में एफएआर के साथ 186979 वर्गफीट निर्माण मंजूर किया गया। इस क्षेत्रफल की पुष्टि कंपनी के ही प्रोजेक्ट आॅफिसर अतूल पिता केसी कुलश्रेष्ठ ने मॉल के पक्ष कोर्ट में दिए एक शपथ-पत्र में भी की। मॉल में स्वीकृति के विपरीत जबरस्त निर्माण हुआ। परिणामत: मौके पर तकरीबन 74026 वर्गफीट प्लॉट पर 60 हजार वर्गफीट पर तीन बेसमेंट+जी+एम+6 मॉल तना है जिसका कुल क्षेत्रफल करीब 5 लाख वर्गफीट से ज्यादा है।
आंखें बंद थी अफसरों की...
निगम के अफसरों ने 186979 वर्गफीट की स्वीकृति पर आंख बंद करके 5 लाख वर्गफीट निर्माण होने दिया। बाद में राजस्व विभाग के अधिकारियों ने इसी मॉल का संपत्ति कर खाता खोला और कुल क्षेत्रफल जोड़ दिया 205619 वर्गफीट। जो कि स्वीकृत निर्माण से  18640 वर्गफीट ज्यादा था। यह निर्माण कैसे और किसकी अनुमति से हुआ? यह देखने के बजाय अवैध निर्माण को खाता खोलकर वैध कर दिया।
बेसमेंट गायब, फ्लोरवाइज बढ़ता गया एरिया
संपत्ति कर के खाते में मॉल के तीन बेसमेंट का जिक्र नहीं है। खाता शुरू होता है ग्राउंड फ्लोर से जो 14719 वर्गफीट है इस पर जो आधी छत (मेजनाइन) चढ़ी है उसका क्षेत्रफल बढ़कर 21145 वर्गफीट हो गया जबकि मेजनाइन 7359.5 वर्गफीट से ज्यादा की नहीं होना थी। इसके बाद ‘सी’ शेप में बनी ऊपरी मंजिलों का एरिया दो से तीन गुना तक बढ़ गया। चौथी मंजिल सिकुड़ी, पांचवी फैली जबकि छठवीं का क्षेत्रफल चौथी मंजिल के समान है।
33 लाख है टैक्स, होना चाहिए 80 लाख
2015-17 में मॉल का संपत्ति कर बिल 33,14,016 रुपए आया। 205619 वर्गफीट के लिहाज से औसत 16.11 रुपए वर्गफीट टैक्स चुकाया जा रहा है जबकि पांच लाख वर्गफीट के हिसाब से टैक्स बनना चाहिए 8058632 रुपए। अंतर सीधे 4744616 लाख का। मॉल अब तक 8 वर्षों में 3 करोड़ 79 लाख 56 हजार 933 की संपत्ति कर चोरी कर चुका है।
आंकड़ों का झगलरी...
नगर निगम के अनुसार कुल निर्माण :  205619 वर्गफीट है।
निर्माण की स्वीकृति दी : 186979 वर्गफीट
नमन मॉल/फ्यूचर ग्रुप : 225000 वर्गफीट
यह है नगर निगम का संपित्त कर
नमन मॉल कंपनी प्रा.लि.
पता : 170 आरएनटी मार्ग
खाता नं. 708000117
फ्लोर वर्गफीट
ग्राउंड फ्लोर 14719
मेजनाइन 21145
पहली 30551
दूसरी 34300
तीसरी 35360
चौथी 15105
पांचवी 26909
छठवीं 15205
सातवीं व अन्य 12325
कुल निर्माण 205619 वर्गफीट

‘‘कमर्शियल प्लॉट पर ग्राउंड कवरेज 50 प्रतिशत मिलता है। मेजनाइन फ्लोर जितनी ग्राउंड फ्लोर है उसकी 50 फीसदी बन सकती है। इसके अलावा ऊपरी मंजिलों पर 4-4 फीट की हैंगिंग हो सकती है। उदाहरण के तौर पर यदि ग्राउंड फ्लोर 14 हजार फीट है भी तो हैंगिंग के साथ एक फ्लोर का एरिया 17 हजार फीट से ज्यादा नहीं हो सकता। ’’
अतुल सेठ, इंजीनियर
शिकायत मिली है। मॉल की जांच कराई जाएगी। जो अंतर निकलेगा उस पर पेनल्टी सहित संपत्ति कर जमा कराया जाएगा।
देवेंद्र सिंह, अपर आयुक्त
नगर निगम

No comments:

Post a Comment