Friday, September 16, 2016

प्रदेश टूडे पर कसा आयकर का शिकंजा

हृ्द्येश दीक्षित सहित दो दर्जन लोगों को नोटिस
इंदौर. विनोद शर्मा ।
एमपी एग्रो और प्रदेश टूडे मीडिया समूह पर हुई सर्च के दौरान सामने आए तथ्यों के संबंध में इनकम टैक्स इन्वेस्टिगेशन विंग ने हृद्येश दीक्षित और उनके भाइयों सहित करीब दो दर्जन लोगों को नोटिस थमाए हैं। इनमें बैंकों से लेकर कंपनी सेकेट्ररी और वे लोग भी शामिल हैं जिनसे दीक्षित बंधुओं ने बीते वर्षों में संपत्ति खरीदी। इसके साथ ही खरीदी गई संपत्तियों का मुल्यांकन भी किया जा रहा है।
पोषण आहार बनाने वाली एमपी एग्रो, एमपी टूडे और प्रदेश टूडे समूह के खिलाफ इनकम टैक्स की इन्वेस्टिगेशन विंग ने 12 जुलाई को छापेमार कार्रवाई की थी। एमपी एग्रा द्वारा 50 करोड़ और दीक्षित बंधुओं द्वारा 5 करोड़ सरेंडर किए जाने के बाद दस्तावेजों का असेसमेंट जारी है। भोपाल में बैठे विंग के आला अधिकारियों ने बताया कि बीते दिनों प्रदेश टूडे और ग्लोबल समूह से जुड़े दो दर्जन लोगों को नोटिस थमाए गए। इसमें ज्यादातर बैंकें हैं जहां दीक्षित बंधुओं के खाते हैं या फिर जिन बैंकों के क्रेडिट कार्ड इनके द्वारा इस्तेमाल किए जाते रहे हैं। व्यक्तिगत और फर्म के खातों की संख्या तकरीबन दो दर्जन है। इसके अलावा आधा दर्जन बैंकों के क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल किए जाते रहे हैं।
जवाब देना होगा...
आयकर ने इन्हें कार्रवाई के दौरान सामने आए दीक्षित बंधुओं से संबंधित लेन-देन को लेकर नोटिस दिए हैं। विंग के सामने लिखित या मौखिक बयान या जवाब में इन्हें उन तमाम सवालों का जवाब देना होगा जो आयकर द्वारा दीक्षित के घर-आॅफिस से जब्त दस्तावेजों के आधार पर पूछे जाएंगे।
यूएस गोल्ड सिटी में 22000 वर्गफीट जमीन
जिन्हें नोटिस थमाए गए हैं उनमें सिमरन डेवलपर्स का भी नाम शामिल है। इस कंपनी ने यूएस गोल्ड सिटी में चार अलग-अलग प्लॉट की कुल 22000 वर्गफीट जमीन खरीदी गई थी। जमीन की खरीदी आॅन द रिकॉर्ड कितनी है और आॅफ द रिकॉर्ड कितनी है। इसके विंग के पास दस्तावेज है।
कारिंदों को बनाया डायरेक्टर
दस्तावेजों में अशोक चौधरी का नाम भी सामने आया है जो कि दीक्षित बंधुओं की एक कंपनी में डमी डायरेक्टर है। ऐसे ही डमी डायरेक्टरों में देवेश कल्याणी भी शामिल है जो कि अखबार के भोपाल एडिशन में संपादक है लेकिन वे ग्लोबल रियलकॉन प्रा.लि. में शांतनु दीक्षित के साथ डायरेक्टर हैं। कंपनी लैंडमार्क बिल्डिंग न्यू लिंक रोड अंधेरी, मुंबई के पते पर पंजीबद्ध है। राजीव दुबे भी ऐसे ही डायरेक्टर हैं जिनका नाम समूह की आधा दर्जन कंपनियों में है।
कंपनी सेक्रेटरी को नोटिस
नोटिस पाने वालों में अनूज अग्रवाल का नाम भी शामिल हैं जो कि पेशे से कंपनी सेक्रेटरी (सीएस) हैं। अनूज ग्लोबल मेटल एंड एनर्जी प्रा.लि. के डायरेक्टरों की सूची में शामिल हैं। 2012 में मुंबई के पते पर पंजीबद्ध हुई इस कंपनी में सुरेखा दीक्षित और अवधेश दीक्षित भी डायरेक्टर हैं।

No comments:

Post a Comment