Wednesday, January 18, 2017

शिवालय में एक प्लॉट के दो-दो सौदे

डायरी पर सौदाचिट्ठी फाड़कर नकार दी कॉलोनाइजरों ने
इंदौर. चीफ रिपोर्टर ।
बिजलपुर की जमीन पर शिवालय के नाम से कॉलोनी काटने वाली शिव रियल मार्ट प्रा.लि. कंपनी के कर्ताधर्ताओं ने एक-एक प्लॉट का सौदा दो या दो से अधिक लोगों से किया है। इसका खुलासा कलेक्टर और डीआईजी तक पहुंची प्लॉटधारकों की शिकायत में हुआ है। शिकायत पर दोनों ही अधिकारियों ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
मोहम्मद खम्बाती, सैफूद्दीन खम्बाती, शैलेंद्र मिश्रा उर्फ पप्पू, और कमल कुमार माखिजा ने मिलकर 2010 में शिव रियल मार्ट प्रा.लि. नाम की कंपनी पंजीबद्ध कराई। इसके बाद बिजलपुर में जमीन खरीदी। 30 एकड़ जमीन पर  2012 में शिवालय नाम की कॉलोनी काटी।  टाउन एंड कंट्री प्लानिंग डिपार्टमेंट से इसका ले-आउट मंजूर हुआ था 29 जनवरी 2013 को। शुरूआत में लोगों से पैसे लिए और डायरी पर प्लॉटों की बुकिंग कर दी। बाद में कभी डायरियों से बुकिंग की बात सिरे से नकार दी तो कभी थाने में शिकायत करके कहा कि घर में रखी डायरियां चोरी हो गई। मंगलवार को डीआईजी से मिले पंकज खंडेलवाल, आशीष राजदेव, अभिषेक गुप्ता और हेमेंद्रसिंह जादौन ने बताया कि कॉलोनाइजर चौकड़ी हमारी डायरियां नकार रही है। वहीं उन प्लॉटों का सौदा किसी और को कर दिया गया है जिसकी सौदा चिट्ठी डायरी पर लिखकर हमें दी थी।
पहले कहते रहें दे रहे हैं, फिर नकार दिया
आशीष राजदेव ने बताया कि 1100 वर्गफीट के प्लॉट नं. 298 की डायरी मैंने मोहम्मद खम्बाती और ईश्वर माखिजा द्वारा प्रमाणित किए जाने के बाद ही मैंने खरीदी थी। उसके आधार पर जब प्लॉट का दावा किया तो पहले जवाब मिलता रहा कर रहे हैं। फिर मोहम्मद खम्बाती के पास गए तो उन्होंने ईश्वर माखिजा के पास पहुंचाया। माखिजा ने शैलेंद्र मिश्रा उर्फ पप्पू के पास पहुंचाया। मिश्रा ने कांग्रेस नेता कमलेश खंडेलवाल के पास जाने को कहा। कहीं भी सुनवाई नहीं हुई। उलटा, हमारे खिलाफ ही झूठी शिकायतें की जाने लगी। सभी ने हमारे साथ धोखाधड़ी की है इसीलिए उनके खिलाफ 420 का मामला दर्ज होना चाहिए।
मनमाना निर्माण हुआ है कॉलोनी में
पंकज खंडेलवाल ने बताया कि कॉलोनी में मनमाना निर्माण हुआ है। कॉलोनी की टीएनसी के लिए 2012 में आवेदन किया गया था जबकि कॉलोनी पर काम शुरू हो गया था 2011 से। टीएनसी हुई 2013 में। बुनियादी विकास पूरा होने से पहले तक करीब-करीब सभी प्लॉट बेचे जा चुके थे। अब भी कॉलोनी की यदि नगर निगम नपती करे तो जांच में कई तरह की अनियमितताएं सामने आएंगी। 

No comments:

Post a Comment