Wednesday, January 18, 2017

ट्रूबा कॉलेज की जांच शुरू, निगम ने रूकवाया काम

इंदौर. चीफ रिपोर्टर ।
कैलोद करताल की जमीन पर बिना नगर निगम की अनुमति के एक के बाद एक तन रही ट्रूबा कॉलेज की अवैध बिल्डिंगों की जांच निगमायुक्त मनीष सिंह के निर्देश पर बिलावली जोन के अधिकारियों ने शुरू कर दी है। मैदानी अमले ने बिल्डिंगों में जारी अवैध निर्माण रूकवाकर मजदूरों को रवाना कर दिया है। प्रबंधन को स्पष्ट निर्देशित कर दिया है कि नियमानुसार कार्रवाई होने के बाद ही निर्माण की अनुमति दी जाएगी।
बायपास पर  कैलोद करताल के सर्वे क्रमांक 286, 287, 288, 289 और 290 की 4.213 हेक्टेयर (452476.2 वर्गफीट) जमीन पर चल रहे ट्रूबा कॉलेज परिसर में मनमाना निर्माण हो रहा है। इसका खुलासा दबंग दुनिया ने 3 जनवरी को ‘निगम की अनुमति के बिना तान दिया ट्रूबा कॉलेज’ शीर्षक से प्रकाशित समाचार में किया था। इसके बाद भी लगातार खबरें प्रकाशित की जिनके आधार पर नगर निगम आयुक्त मनीष सिंह ने ट्रूबा कॉलेज में जारी निर्माण की जांच के आदेश दिए थे। आदेश के अनुसार बिलावली जोन के अधिकारी विष्णु खरे और नागेंद्रसिंह भदौरिया टीम के साथ कॉलेज पहुंचे। उन्होंने वहां चल रहे निर्माण कार्य का रूकवाया दिया। कहा कि बिना अनुमति निर्माण न करें। अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आगे क्या होगा कॉलेज का
बताया जा रहा है कि चूंकि कॉलेज में बिना अनुमति निर्माण किया है इसीलिए निर्माण शुरू करने से पहले नगर निगम में भवन अनुज्ञा के लिए आवेदन करना होगा। नगर निगम पेनल्टी लगाकर नक्शा मंजूर कर सकता है। तब तक निर्माण अवैध ही रहेगा।
यह है बड़ी अड़चन
कॉलेज को टीएंडसीपी ने 25 प्रतिशत ग्राउंड कवरेज की अनुमति दी थी जो कि वह पहले ही कॉलेज बनाते वक्त इस्तेमाल कर चुका है। इसके बाद नई जमीनों पर निर्माण करके 50 फीसदी से ज्यादा ग्राउंड कवरेज किया गया है। अतिरिक्त ग्राउंड कवरेज पर तनी बिल्डिंगों की  कम्पाउंडिंग मुश्किल है।
प्रशासनिक संकूल की बिल्डिंग सर्वे नं. 287 की जिस जमीन पर बनी है मास्टर प्लान 2021 में उसका भू-उपयोग ग्रीन बेल्ट के रूप में आरक्षित है। इस पर भी निगम भवन अनुज्ञा जारी नहीं कर सकता।

No comments:

Post a Comment