Monday, August 22, 2016

आजादी पर सस्ता हुआ पेट्रोल रक्षाबंधन पर महंगा होगा

1 रुपए/लीटर की कीमत बढ़ेगी 18 से
इंदौर. चीफ रिपोर्टर ।
बार-बार की टैक्स बढ़ोत्तरी के बावजूद प्रेट्रोल-डीजल की कम कीमतों से मप्र सरकार के खजाने की कमी दूर नहीं हो रही है। इसीलिए एक तरफ जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस की सौगात के रूप में पेट्रोल पर एक रुपए/लीटर की राहत दी तो वहीं मप्र सरकार ने पेट्रोल पर एक रुपए/लीटर अतिरिक्त भार लगाकर राहत पर पानी फेर दिया। नई दरें 18 अगस्त से लागू होंगी।
मामला पेट्रोल-डीजल जैसे अतिआवश्यक  पदार्थों की कीमत का है। केंद्र में एनडीए की सरकार बनने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के भाव गिरने के बाद से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में गिरावट जारी रही। राजस्व घाटा बताते हुए मप्र सरकार पहले ही पेट्रोल पर वेट 27 प्रतिशत से बढ़ाकर 31 प्रतिशत कर चुकी है। वहीं तीन अलग-अलग किश्तों में कुल 3 रुपए/लीटर का अतिरिक्त भार भी प्रदेश की जनता पर थोपा जा चुका है। लगातार विरोध और वन टाइम टैक्स के आश्वासनों के बीच वित्त मंत्री जयंत मलैया ने एक बार फिर पेट्रोल पर एक रुपया बढ़ाते हुए अतिरिक्त भार के भार को चार रुपए/लीटर कर दिया है।
डीजल पर राहत
पेट्रोल की तरह ही डीजल भी सरकार के निशाने पर रहा है लेकिन इस बार थोपाथापी का केंद्र सिर्फ पेट्रोल को रखा गया। डीजल पर जो 50 पैसे अतिरिक्त कर लगाया जाना था वह नहीं लगाया गया है। डीजल पर कुल 1.50 रुपए/लीटर अतिरिक्त कर वसूला जा रहा है।
कांग्रेस ने पीएम को लिखा खत, जताई नाराजगी
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खत लिख चुके हैं। खत में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा पेट्रोल -डीजल पर अतिरिक्त कर बढ़ाने की चल रही कोशिशों पर नाराजगी जताई थी।

No comments:

Post a Comment