Friday, April 8, 2016

नागा बाबाओं की डेरे में आए गोल्डनपुरी बाबा sinhastha 2016

एक साधु, जिनके लिए सोना इष्ट, सोना ही साधना
सुविधाओं से संतुष्ट, सुरक्षा व्यवस्था से नाराज
उज्जैन से विनोद शर्मा ।
बड़ी दाढ़ी। भगवा लिबाज। आधा दर्जन देवी-देवताओं के बड़े-बड़े पेंडल से सजी दर्जनभर से ज्यादा सोने की मोटी-मोटी चैन। दोनों हाथ की हर अंगुली में मोटी-मोटी सोने की अंगुठी। दोनों कलाइयों पर कपड़े की तरह महीन कारीगरी वाले बे्रेसलेट। यह पहचान है उत्तराखंड से आए गोल्डनपुरी बाबा की जो अपने शरीर पर 11.5 किलोग्राम से ज्यादा सोना धारण किए हुए हैं। वे सोने का सोना कम अपने ईश्ट का मंदिर ज्यादा मानते हैं जो हर वक्त उनके साथ होता है और चलते-फिरते लोग दर्शन करते हों।
उज्जैन में चार दिन से आए गोल्डन बाबा रविवार की दोपहर जब रामघाट पहुंचे तो उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। न सिर्फ सहज भाव से आशीर्वाद दिया बल्कि इच्छुक लोगों के साथ फोटो भी खींचवाई। इसी दौरान उन्होंने दबंग दुनिया से भी बातचीत की। उन्होंने बताया कि दत्त अखाड़े में उनका कैंप लगना है जो सिंहस्थ में उनका पहला कैंप है। तैयारियां चल रही है। वे सिंहस्थ के मद्देनजर  उज्जैन में हुए बुनियादी कामों से संतुष्ट हैं हालांकि सरकारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराज हैं। उनका कहना है कि वे जहां जाते हैं वहां उन्हें एक-चार का पुलिस बल मिलता है। चार दिन से उज्जैन में हैं। शासन स्तर पर सूचना दे चुके हैं। अब तक कोई व्यवस्था नहीं की। उत्तराखंड सरकार द्वारा भेजा गया एक ही जवान है। दो सुरक्षाकर्मी निजी हैं।
हर काम के लिए सरकार को दोष देना गलत
सिंहस्थ में सहुलियतों का संकट जताकर सरकार को कोस रहे लोगों से इतर गोल्डनपुरी बाबा ने कहा कि सरकार को कोसते रहना गलत है। जितनी सुविधाएं जुटाई गई है, कम नहीं है। कम सुविधाओं का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करते भी आना चाहिए।
270 रुपए तोला था तब पहली बार पहना था सोना
पहले दिल्ली से हरिद्वार के बीच कावड़ यात्रा निकालने और फिर नासिक कुम्भ से चर्चा में आए गोल्डनपुरी बाबा के शरीर पर 11.5 किलोग्राम के सोने के गहने सजे हैं, जिसकी कीमत साढ़े तीन करोड़ से ज्यादा है। हीरे से जड़ी 27 लाख की घड़ी भी है। इसके अलावा सोने का जैकेट भी है जो वे खास मौकों पर पहनते हैं जिसका वजन 200 ग्राम बताया जा रहा है। आभूषण देवी-देवताओं के पूजन का माध्यम है। इसीलिए मन तो रोज सोने के नए आभूषण पहनने को करता है। जब संभव होता है, तब वह देवी-देवताओं के नाम नया आभूषण पहन लेते हैं। शुरूआत 1972-73 में भगवान शिव के लॉकेट से हुई। तब सोना 270 रुपए तोला था। अब 21 लॉकेट हैं। जो मां लक्ष्मी, सरस्वती, दुर्गा, हनुमानजी, दत्त भगवान के नाम के हैं। वे कहते हैं आभुषण ही उनके भगवान हैं और उन्हें धारण किए रखना ही उनकी भक्ति है। सुबह स्नान के बाद आभुषण की पूजा करते हैं फिर धारण करते हैें।
दान भी कर चुके हैं
15 जून 2013 को उत्तराखंड के कैदारनाथ में आई बाढ़ के दौरान शरीर पर पहना पूरा सोना सहायता कोष के लिए दान कर दिया था।
सफर सुधीर कुमार से गोल्डनपुरी बाबा तक का
गोल्डन बाबा का असली नाम सुधीर पिता जीवनदास मक्कड़ है जिनका जन्म 1962 में दिल्ली के गांधीनगर में हुआ था।  संन्यासी बनने से पहले वो दिल्ली में कपड़े के व्यापारी थे। ईश्वर आराधना के लिए उन्होंने बिजनेस छोड़ दिया। वर्ष 2012 में गुरु श्रीमहंत मछंदरपुरी महाराज ने इलाहाबाद में दीक्षा दी और तब से वह गोल्डन बाबा बन गए। बाद में जूना अखाड़े से जुड़कर वह गोल्डनपुरी बाबा बने। अभी उनका हरिद्वार में आश्रम भी हैं। 

किसानों के विरोध में बंट गया आईएसबीटी sinhastha 2016

‘आईएस’ अटका, ‘बीटी’ से चलाओ काम
कुम्हेड़ी का स्टैंड भौरासला पहुंचा, काम शुरू 
इंदौर. विनोद शर्मा । 
सिंहस्थ 2016 के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण कुमेड़ी में दो साल से जिस इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) का खांका खींचा था फिलहाल वह अटक चुका है। यह भी तय है कि सिंहस्थ में श्रृद्धालुओं को इसका फायदा नहीं मिलेगा। आईएसबीटी को आकार देने में नाकाम रहे प्राधिकरण ने अब भौरासला चौराहे पर एक लाख वर्गफीट क्षेत्रफल में अस्थाई बस स्टैंड बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
2004 से 2016 के बीच सिंहस्थ को लेकर इंदौर में जितनी भी योजनाओं के खांके खींचे गए वे आकार लेने से पहले ही औंधे मुंह घिरी हैं। फिर मामला नगर निगम के कान्ह नदी शुद्धीकरण का हो या फिर प्राधिकरण के प्रस्तावित आईएसबीटी का। प्रोजेक्ट दिसंबर में ही अटक गया था जब प्राधिकरण ने जमीन मालिकों को मनाने के मामले में हाथ टेक दिए थे। बावजूद इसके आईएसबीटी को लेकर प्राधिकरण के पदाधिकारी अपना पक्ष मजबूती से रखते रहे। उनकी हिम्मत ने जवाब दिया अब जब सिंहस्थ शुरू होने में 26 दिन ही बाकी है। बहरहाल, भौरासला चौराहे के साथ तीन ईमली चौराहा, देवगुराड़िया और नर्मदा-शिप्रा संगम पर प्राधिकरण ने अस्थाई पार्किंग की व्यवस्था जुटाना शुरू कर दिया है।
शुरू हुआ अस्थाई काम...
प्राधिकरण ने भौरासला चौराहे पर (जहां एमआर-10 रोड खत्म हो रही है वहीं बायीं ओर) तकरीबन एक लाख वर्गफीट जमीन पर सिंहस्थ की तैयारियों के तहत अस्थाई बस स्टैंड बनाना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में एक तरफ एमआर-10 की सर्विस रोड से सटे खेत को समतल किया जा रहा है दूसरी ओर दो दर्जन सुविधाघर का निर्माण भी शुरू हो चुका है। 4000 वर्गफीट का शेड भी बनेगा जो एंगल और टिन से बनेगा। यहां पब्लिक बुथ की व्यवस्था होगी। टिकट विंडो होंगे। बैठक व्यवस्था के लिए दरी और कुर्सी लगेगी। पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए लाइटिंग के टेंडर निकाले हैं जो 4 अपै्रल तक आएंगे। बस स्टैंड पर एक वक्त में 70 से 75 बसें खड़ी हो सकेंगी। दुकानों को भी अस्थाई तौर जगह दी जाएगी ताकि लोगों के खाने-पीने की व्यवस्था भी हो सके।
तीन इमली पर भी बनेगा बस स्टैंड
भौरासला की तरह ही तीन इमली पर भी अस्थाई बस स्टैंड बन रहा है जहां नवलखा बस स्टैंड को शिफ्ट किया जाएगा। स्टैंड ब्रिज से लगी खाली तकरीबन पौने दो एकड़ जमीन (पालदा रोड पर दायीं ओर) पर बनेगा। 750 वर्गफीट का शेड भी बनेगा जो यात्री प्रतिक्षालय रहेगा। एक वक्त में 25 बसें खड़ी होंगी। प्लॉट को लेवल करके पेवर लगाना शुरू कर दिया गया है। नाले की साइड सुविधाघर बनेंगे। पास में दो एकड़ का एक प्लॉट और है जहां बसें पार्क होगी।
यहां पार्किंग भी...
-- एमआर-10 रोड पर ही स्टार कैब के पास खाली जमीन पर बड़ी पार्किंग बन रही है जहां बसें और वाहन पार्क होंगे। इसका काम भी 10 अपै्रल तक पूरा हो जाएगा।
-- देवगुराड़िया पर समतल जमीन है जिसे पार्किंग के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
-- शिप्रा संगम स्थल के पास जमीन लेवल की है चूरी डालकर चलने लायक बनाया जाएगा। मुंडला दोस्तदार चौराहे पर समतल जमीन भी पार्किंग के लिए आरक्षित रहेगी।
सुविधा संपन्न होंगे बस स्टैंड
सिंहस्थ से पहले आईएसबीटी नहीं बन पाएगा। इसीलिए भौरासला पर बस स्टैंड बना रहे हैं। और भी जमीन का प्रावधान कर रखा है ताकि जरूरत पड़ने पर स्टैंड का विस्तार किया जा सके। तीन इमली पर भी बस स्टेंड बन रहा है जो भौरासला की अपेक्षा छोटा है। यहां भी जमीन जुटाई जा रही है।
शंकर लालवानी, अध्यक्ष
आईडीए 

दरगाह शरीफ में भी होंगे भजन-कव्वाली sinhastha 2016

सिंहस्थ में सात दिवसीय कैंप लगाएंगे सूफी संत गुलाम दस्तगीर
उज्जैन से विनोद शर्मा ।
सिंहस्थ 2016 के लिए जहां साधु-संतों की तैयारियां अंतिम चरण में है वहीं जहांगिराबाद (बुलंदशहर) के सूफी बाबा गुलाम दस्तगीर ने भी शिप्रा नदी के किनारे रामघाट पर स्थित दरगाह शरीफ में अपने कैंप की तैयारी शुरू कर कर दी है। 16 से 22 मई तक आयोजित होने वाले इस कैंप में क्वाली के साथ भजनों की प्रस्तुति भी होगी। बाबा के साथ कई साधु-संत भी कैंप में शिरकत करेंगे।
शुक्रवार को सुफी गुलाम दस्तगीर इंदौर से उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने पहले साध्वी शिवानी दुर्गा से मुलाकात की उन्हें सिंहस्थ के दौरान लगने वाले अपने कैम्प की जानकारी दी। इसके बाद वे दरगाह शरीफ पहुंचे। यहां पहले उन्होंने दरगाह पर फूल चढ़ाए। बाद में परिसर का मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि यहां कैम्प लगेगा। कैम्प में अखंड भंडारा होगा। कव्वाली होगी। भजन होंगे। उन्होंने बताया कि कैम्प के उनके साथ तकरीबन दो हजार लोग होंगे उनमें कई साधु संत भी शामिल रहेंगे। 13-14 मई को आ जाएंगे। 22 मई तक रहेंगे।
बड़े सिलसिले से हैं गुलाम दस्तगीर
भैंसोड़ी सरीफ (रामपुर और बरेली के बीच) में जो सूफी है बाबा वहीं से जुड़े हैं। जिस सिलसिले (जैसे साधु संतों के अखाड़े होते हैं वैसे ही) से ताल्लुक रखते हैं वह बगदाद से बांगलादेश तक फैला है।  मप्र में इंदौर, बड़नगर, सनावद और धार में भी उनका सिलसिला है।
मुहब्बत की मिसाल बने...
बाबा ने बताया कि सिंहस्थ के दौरान यह उनका पहला कैंप होगा। इससे पहले वे हरिद्वार में भी कैंप लगा चुके हैं। कैंप का मकसद हिंदु-मुस्लिम के बीच मुहब्बत और अमन-भाईचारा बढ़ाना है। नीयत अच्छी है, ऊपर वाला भी साथ देगा और उसके बंदे भी। उन्होंने कहा कि संत और सूफी में कोई भेदभाव नहीं है। एक थाली में बैठकर खाना खाते रहे हैं। मेरे जितने मुरीद है उनमें ज्यादातर हिंदु हैं।
85 फीट ऊंची दरगाह बना रहे हैं
जहांगीराबाद में वे एक 85 फीट ऊंची दरगाह बना रहे हैं जो कि उनके वालिद की याद में बन रही है। तीन साल हो चुके हैं बनते-बनते। तीन महीने में तैयार हो जाएगी। पूरी संगमरमर का बन रहा है रंग की जरूरत नहीं है। बिल्डिंग और हॉल भी बन रहा है।

शिप्रा शुद्ध होते ही प्रकट हुए महादेव sinhastha 2016

उज्जैन से विनोद शर्मा ।
सिंहस्थ लिंक परियोजना के तहत नर्मदा के जल से शिप्रा पुनर्जीवित हुई तो वर्षों की जमा गाद हटते ही पहले प्राचीन मंदिर प्रकट हुआ, फिर महादेव। इस बार शिवरात्री नए-नवेले महादेव के साथ मनी। हम बात कर रहे हैं देवास जिले के हवनखेड़ी गांव की जहां शिप्रा और नागदमन नदी संगम पर खुदाई के दौरान निकला महादेव मंदिर इन दिनों चर्चा में है।
शिप्रा नदी की बाढ़ के साथ बहकर आने वाली मिट्टी किनारे पर जमा होती रही। इसी मिट्टी में दबकर रह गया था मंदिर। सिर्फ इसका शिखर ही दिखाई देता था। एक तरफ नागदमन नदी में देवास औद्योगिक क्षेत्र का बदबुदार इंडस्ट्रियल वेस्ट बहकर आता था। दूसरी तरफ 10 महीने शिप्रा सूखी रहती थी। इसीलिए आसपास के लोगों ने शिखर के नीचे क्या है? इसकी चिंता नहीं की। मगर जब नर्मदा के जल से शिप्रा प्रवाहमान हुई और नागदमन का बदबूदार पानी रोक दिया गया तब जिज्ञासा दूर करने के लिए लोगों ने खुदाई की। करीब आठ महीने गेती-फावड़े से खुदाई हुई। धीरे-धीरे मंदिर के अवशेष नजर आने लगे अंतत: पूरा मंदिर मिट्टी से बाहर निकल आया।
शिप्रा तट तक हैं पेड़ियां
खुदाई के बाद शिवरात्री पर ग्रामीणों ने यहां पूजन किया। कलश-यात्रा निकाली गई। अब न सिर्फ मंदिर नजर आता है बल्कि मंदिर के साथ ही शिप्रा नदी तक बनी पेड़ियां भी नजर आती है जिनका इस्तेमाल अब हवनखेड़ी और आसपास के गांव के लोग शिप्रा स्नान के लिए करने लगे हैं। मंदिर, घाट और पेड़ियां काले ऐरन पत्थर की हैं।
प्राचीन है इतिहास...
कथाओं के अनुसार राजा परीक्षित की मृत्यु तक्षक नाग के काटने से हुई थी। अपने पिता की मृत्यु के बाद राजा परीक्षित पुत्र जन्मजय  ने क्रोध में आकर सारी नाग जाति को नष्ट कर देने का बीड़ा उठाया। सर्पसत्र यज्ञ किया। उसके आह्वान पर हजारों नाग आए और अग्नि में गिरे। उनकी मौत हुई। बाद में इंद्र की शरण लेने के कारण तक्षक का कुल बचा। इसीलिए इस नदी को नागदमन कहते हैं।  बाद में जन्मजय ने यहीं शिप्रा तट पर अपने पितृों का मोक्ष करवाया था। इस लिहाज से यह पितृमोक्षेश्वर घाट है। हवनखेड़ी में शिप्रा का श्रंगार हुआ था। इसलिए यह शिवलिंग श्रृंगेश्वर धाम है। देवास के पंवार राजा के वंसज भी इस घांट पर आकर शिप्रा स्नान और शिप्रा पूजन करने आते थे।
गांव में नागदमन का पानी आना हुआ बंद
गांव के रशीद पटेल ने बताया कि पहले गुम्बद दिखती थी। सोचते थे कुछ होगा। बाद में खुदाई की तो मंदिर निकला। यहां शिव की प्रतिमा तो निकली लेकिन नंदी की प्रतीमा नहीं निकली। इस शिवरात्री यहां न सिर्फ हवनखेड़Þी बल्कि गदइश पीपल्या और आसपास के गांव वालों ने भी आकर पूजा की है। पेड़ी निकलने से यहां स्नान करना आसान हो गया है। शिप्रा को मिले नर्मदा के सहारे ने गांव का जल संकट भी दूर कर दिया।

सिंहस्थ को यादगार बना देंगे आधुनिक आश्रम sinhastha 2016

- यज्ञशाला, भोजनशाला और कथा पांडाल के साथ साधकों के ठहरने की व्यवस्था भी
- अस्पताल व केफेटेरिया भी
उज्जैन से विनोद शर्मा ।
सिंहस्थ 2016 उज्जैन के बुनियादी श्रृंगार और नागा साधुओं के शाही स्नान के साथ ही सन्तों के भव्य अस्थाई आश्रमों के लिए अरसे तक याद रहेगा। सिंहस्थ से डेढ़ महीने पहले ही आरक्षित जमीनों पर सर्वसुविधायुक्त आश्रमों का काम शुरू हो चुका हैं। शुरूआती दौर में ही आश्रमों की  भव्यता लुभाती है। कुछ आश्रमों में हॉस्पिटल और कैफे टेरिया बन रहा है जबकि कुछ में एअर कंडीशनर युक्त कमरें भी जहां स्वामी के सेवक ठहर सकें।
          मेला क्षेत्र के लिए 2004 में 2,154 हेक्टेयर जमीन  नोटिफाई की थी जबकि 2016 के लिए 3,061 हेक्टेयर जमीन तय हुई। आवंटन अक्टूबर 2015 से शुरू हो चुका था। जमीन हर राज्य से आने वाले छोटे-बड़े संतों, धार्मिक-सामाजिक व व्यावसायिक संगठनों ‘सिंहस्थ की व्यवस्था में सहायक’ को दी गई है। बड़नगर और चिंतामन गणेश रोड पर जंहा देखो आश्रम (कैम्प) नजर आते हैं। 5 हजार से 9 लाख वर्गफीट तक जमीन दी गई है। आधे आश्रमों का काम जारी है। कुछ में सिर्फ टीन की बाउंड्री है। कुछ जमीनें अब भी खाली है। जो आश्रम बने हैं उनका काम देखने लायक है। बांस के बड़े-बड़े मुख्य द्वार और यज्ञशाला के साथ छोटे-छोटे तम्बू आकर्षण का केंद्र है।
सबसे बड़ा आश्रम स्वामी अवधेशानन्द का
जितने भी संतों व अखाड़ों को मेला क्षेत्र में जमीनें दे गई है उनमें अवधेशानन्द जी का आश्रम भी शामिल है। उनके आश्रम के लिए 20 एकड़ (8.70 लाख वर्गफीट) जमीन दी गई है। जहां यज्ञशाला, कथा पांडाल, 10 बेड का हॉस्पिटल, केफेटेरिया,  भोजनशाला, आशीर्वाद स्थल (जहां श्रृद््धालु स्वामी जी से मुलाकात कर सकें, अशीर्वाद ले सकें), अवधेशानन्द जी की कुटिया, मुरारी बापू की कुटिया, दो गार्डन और  100 से अधिक कमरे बन रहे हैं।
सर्वसुविधायुक्त अस्पताल भी..
इसी तरह प्रखर परोपकार मिशन (उत्तराखंड) को दो टुकड़ों में 1.80 लाख वर्गफीट (एक लाख और 80 हजार) जमीन दी गई है। ट्रस्ट यहां 50 बेड का अस्थाई हॉस्पिटल बना रहा है जहां 24 घंटे मल्टी स्पेशलिस्ट डॉक्टर सेवा देंगे। हॉस्पिटल आॅपरेशन थिएटर(सभी जनरल सर्जरी), आईसीयू, हृदयरोगियों के लिए वेंटीलेटर, माइनर आॅपरेशन थिएटर, डाइग्नोसिस सेंटर(सीबीसी, सीबी, यूरीन ऐनेलाइजर युक्त), ईसीजी, एक्स-रे, सोनोग्राफी, अल्ट्रासाउंड, फिजियोथेरेपी युक्त होगा। डॉक्टर, नर्स और कम्पाउंडर स्टाफ के रहने की व्यवस्था होगी। भोजनशाला, रामलीला-रासलीला क्षेत्र भी होगा।
संतों ने सेवकों के ठहरने की व्यवस्था भी कर दी...
तकरीबन हर संत व साधू ने अपने अस्थाई आश्रम में यज्ञशाला व कथा पांडाल के साथ वर्षों से सेवा करते आए अपने साधकों के ठहरने की व्यवस्था भी की है। किसी ने वुडन फ्लोरिंग के साथ टिन और प्लाईवुड के कैबिन बनाए हैं तो कहीं कांस-बांस की कुटिया भी डिमांड में है। स्वामी अवधेशानंदजी के आश्रम में 100 से अधिक कुटिया बन रही है। वहीं प्रखर परोपकार मिशन ने भी 100 कांस-बांस की कुटिया बनाई है।  कुटिया में 12 बाय 14 का कमरा, 7 बाय 6 की आधुनिक फिटिंग वाली बाथरूम होगी। पंखे और कुलर की व्यवस्था भी होगी।
रस्सी नहीं चिंदे से बांध रहे हैं बांस-कांस
ग्रीन उज्जैन क्लीन उज्जैन के कन्सेप्ट को आश्रम बनाने के दौरान ध्यान रखा जा रहा है। ज्यादातर बांस, सुखी घास और टट्टर का इस्तेमाल किया जा रहा है। इन्हें नाइलोन या प्लास्टिक की रस्सियों से नहीं बल्कि सुतली और नारियल की रस्सी से बांधा जा रहा है। यज्ञशाला और द्वार रंग बिरंगे कपड़ों के चिंदियों से बांधे जा रहे हैं। इससे बांस का स्ट्रक्चर और सुंदर नजर आता है।
इंजीनियरिंग कॉन्सेप्ट से बन रहे हैं आश्रम
संतों के आश्रम है इसीलिए यह न सोचें कि यें-वेंई बन रहे हैं। इन्हें इंजीनियरिंग कॉन्सेप्ट के साथ बनाने का ठेका दिया गया है जो सूत बाय सूत डिजाइन करके आश्रम-कुटिया बना रहे हैं ताकि कम जगह का ज्यादा इस्तेमाल हो सके। एअर वेंटिलेशन से लेकर रौशनी तक का ध्यान रखा जा रहा है। वुड फ्लोरिंग हो रही है। बिजली के तार व्यवस्थित है। बगीचे बन रहे हैं ताकि आश्रम की रौनक बढे।
आनंद कुटिया का.....
आधुनिक जीवन शैली से इतर लोग अपने गुरु की तरह आध्यत्मिक अंदाज में सिंहस्थ एन्जॉय करना चाहते हैं। इसके लिए श्रृद्धालुओं ने बांस-कांस की कुटिया की डिमांड की है। उनकी मंशा के अनुसार ही कुटिया बनाई जा रही है।
दिनेश मिश्रा, प्रखर परोपकार मिशन
  

‘कान्ह’ मुक्त शिप्रा में होगा शाही स्नान sinhastha 2016

या
अब शिप्रा की सेहत नहीं बिगाड़ेगी कान्ह
राघौ पीपल्या से कालिया देह पैलेस तक पाइप से किया बायपास
उज्जैन से विनोद शर्मा।
कान्ह नदी का गंदे पानी के कारण संतों और श्रृद्धालुओं को सिंहस्थ के दौरान शिप्रा के ‘स्वास्थ्य’ की चिंता करने की रत्तीभर जरूरत नहीं है। क्योंकि मार्च के अंतिम सप्ताह तक जल संसाधन विभाग 18.7 किलोमीटर लंबी लाइन डालकर उज्जैन में कान्ह नदी को बायपास कर देगा। हालांकि स्टाप डेम बनाकर तीन-चार महीने पहले ही खान नदी के पानी को जगह रोक दिया था। इसीलिए अभी से त्रिवेणी पर शिप्रा में कान्ह का पानी नहीं मिल रहा है।
मुख्यमंत्री की महत्वकांक्षी योजना के रूप में फरवरी 2014 में नर्मदा-शिप्रा लिंक परियोजना के आकार लेने के बाद से कान्ह का पानी बड़ी चिंता बना हुआ था। इसीलिए सरकार ने कान्ह डाइवर्शन को मंजूरी दी। 29 अक्टूबर 2014 को साधिकार समिति की 18वीं बैठक के बाद दिल्ली की के.के.स्पन पाइप प्रा.लि. को वर्कआॅर्डर दिया गया था। उज्जैन में ही पाइप बनाकर कंपनी ने डाइवर्शन का काम अपै्रल 2015 से शुरू किया था। तकरीबन 75 करोड़ की स्वीकृत लागत वाली इस योजना का 90 फीसदी से अधिक काम हो चुका है।
सिर्फ गैर बरसाती पानी ही होगा बायपास
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कान्ह नदी में बहकर आने वाला गैर बरसाती पानी (डोमेस्टिक और इंडस्ट्रियल वेस्ट वॉटर) को ही लाइन से बायपास किया जाएगा। बरसात में नदी का बहाव यथावत रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि नदी बड़ी है उसके बरसाती बहाव को पाइप में नहीं बांधा जा सकता।
ऐसा है प्रोजेक्ट...
त्रिवेणी (नवगृह मंदिर) से राघौ पीपल्या नाम का गांव है। इस गांव में इंदौर की ओर तकरीबन आधा किलोमीटर दूर कान्ह नदी पर पुराना डेम बना था। केके स्पन ने पहले इस डेम की ऊंचाई बढ़ाई। लॉकिंग की। अब र्इंट से पेक कर दिया है। बायपास करने के लिए डेम के एक सिरे (गांव की ओर) 2.6 मीटर (8.5 फीट या 2600 एमएम) डाया की पाइप लाइन डाली गई है। एक पाइप का वजन तकरीबन 14 टन है।
यहीं पर इंटकवेल भी बना है। तकरीबन 8 मीटर की गहराई में बने इस इंटकवेल में दो मेन्युअल गेट भी लगाए गए हैं। जिनके माध्यम से नदी में जमा पानी का रूख पाइप लाइन की ओर मोड़ा जा सकेगा। पानी में बहकर आने वाले पत्थर और पॉलिथीन या अन्य कचरे को रोकने के लिए इंटकवेल में एक गेट से दूसरे गेट के बीच भारीभरकम जाली भी लगाई गई है।
राघौ पीपल्या से नदी मेला क्षेत्र से बायपास कर कालिया देह पैलेस तक 18.7 किलोमीटर लंबी लाइन डाली जा रही है। लाइन की गहराई भूतल से 18 मीटर (छह मंजिला इमारत के बराबर) है। कालिया देह पैलेस के पास पानी दोबारा शिप्रा नदी में छोड़ दिया जाएगा।
ताकि किसानों को मिले फायदा
कान्ह बायपास लाइन में जगह-जगह कुओं की तरह जगह छोड़ी गई है ताकि आसपास के किसान पानी का इस्तेमाल अपनी जमीन सींचने में कर सकें। बस उन्हें इन कुओं में पाइप डालना होगा और मोटर से पानी खींचना होगा।
चुनौती कैसी-कैसी...
प्रोजेक्ट बड़ा जटिल है। चूंकि खुदाई ज्यादा गहरी करना पड़ रही है कभी चट्टाने काम करना मुश्किल कर देती हैं तो कभी खुदाई के दौरान जमीन से निकलने वाला पानी। कई स्थान ऐसे हैं जहां दो-तीन लाख घन मीटर चट्टाने खोदना पड़ी हैं। 2015 की बरसात में उज्जैन में पानी भी जबरदस्त बरसा। पूरा उज्जैन दो-तीन बार बाड़ से जुझा। कई साइट भी जलमग्न रही। पानी उलिचने में बड़ा वक्त लगा।
अभी भी नहीं आ रहा है गंदा पानी
सिंहस्थ को देखते हुए जल संसाधन विभाग, इंदौर ने कान्ह नदी पर पहले से बने स्टॉप डेम्स की ऊंचाई बढ़ाई। कहीं कांक्रिट किया है तो कहीं रेत की बोरियां रखी गई है। राघौ पीपल्या, निनौरा और रामवासा सहित इंदौर तक छोटे-बड़े, नए-पुराने, स्थाई-अस्थाई 16 डेम है।
एक स्टॉप डेम में पानी भरने के बाद जैसे ही ओवर फ्लो की संभावना बनती है तब तक दूसरा स्टॉप डेम तैयार हो जाता है। मिट्टी के कच्चे डेम भी बनाए हैं।
90 फीसदी काम पूरा...
काम चुनौती पूर्ण था लेकिन मार्च के अंतिम सप्ताह तक पूरा कर लेंगे। 18.7 किलोमीटर की लाइन में से अब तक 16.5 किलोमीटर लंबी लाइन डल चुकी है। इंटकवेल एक-दो दिन में कंपलिट हो जाएगा।
मुकुल जैन, कार्यपालन यंत्री
जल संसाधन विभाग, उज्जैन


सिंहस्थ में अधिकारियों का सेटेलाइट प्रेम बना सिरदर्द sinhastha 2016

नाले, सड़क और बगीच पर दे दिए साधुओं को प्लॉट
उज्जैन से विनोद शर्मा।
सर हमारा प्लॉट आवंटित कर दो...। आवंटन-पत्र बताओ..। वो क्या होता है..? तहसीलदार ने दिया होगा न ...। नहीं, वो तो यही बोले कि साहब के पास चले जाओ, प्लॉट मिल जाएगा...। हम प्लॉट तभी देंगे जब वहां से आवंटन पत्र आएगा...। साहब, हमें क्यों यहां से वहां दौड़ा रहे हो, पहले ही बहुत परेशान हो चुके हैं...। माफ करना महाराज, हम कुछ नहीं कर सकते...। जमीन को लेकर मारामारी की यह कहानी किसी कॉलोनी की नहीं बल्कि उज्जैन के मेला क्षेत्र की है जहां अफसरों की लेतलाली के कारण साधुओं को जमीन के लिए परेशान होना पड़ रहा है। हालात यह है कि अफसरों ने नालों की जमीन पर प्लॉट काट दिए।
उज्जैन में मेला क्षेत्र को छह हिस्सों में बांटा गया है। कालभैरव, मंगलनाथ, दत्त अखाड़ा, महाकाल, त्रिवेणी और चामुंडा क्षेत्र। इसमें दत्त अखाड़े में सबसे ज्यादा 2352, मंगलनाथ क्षेत्र में 1500 और कालभैरव क्षेत्र में 800 प्लॉट निकाले गए हैं। महाकाल, चामुंडा और त्रिवेणी में प्लॉट नहीं है। प्लॉट को लेकर यूं तो तीनों प्रमुख जोन में कुछ न कुछ दिक्कतें आ रही है लेकिन सबसे ज्यादा हालत खराब है मंगलनाथ क्षेत्र में। यहां आए दिन साधुओं और अधिकारियों के बीच विवाद के किस्से सामने आ रहे हैं। अपर कलेक्टर ने बताया अब तक 1200 से अधिक प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं। अभी आवंटन जारी है।
जहां नाला, वहीं काट दिया प्लॉट
गुगल अर्थ और विकीमेपिया की सेटेलाइट इमेज पर स्कैल से जमीन नापकर अधिकारियों ने न सिर्फ मेला क्षेत्र डिजाइन किया बल्कि प्लॉटों की नंबरिंग भी कर दी। मैदान में जाकर मौका देखने तक की जहमत नहीं की। अब जब साधु आवंटन पत्र के साथ कब्जा लेने जा रहे हैं तो पता चल रहा है कि जहां प्लॉट बताया है वहां तो नाला बह रहा है। गड्ढा है या बगीचा बना है। गुरुवार को भी एक साधु को जहां प्लॉट का कब्जा दिया गया वहां जल जमाव था। बाद में साधु के विरोध के बाद अधिकारियों ने जमीन पर मिट्टी से भराव कर दिया। हालांकि बदबू अब भी बरकरार है।
जमीन के अते-पते नहीं है
15 दिन हो गए भटकते-भटकते जमीन नहीं मिली है। जो जमीन पिछले सिंहस्थ में मिली थी जाने किसको दे दी है। जमीन को लकर मारामारी बहुत है। नाले और सड़क पर ही प्लॉट बता दिए गए हैं। पहले अखाड़ों के माध्यम से जमीन बटती थी, दिक्कत नहीं होती थी।  
महंत रामस्वरूप दास, बड़ा कामधेनू साकेनगर, जम्मू
महात्यागी कोट पंढरपुरधाम के नाम से जमीन मिलती रही है लेकिन इस बार नहीं है। गरीब साधुओं की सुनवाई नहीं है। हमसे इतने दुखी हैं कि देखते से भगा देते हैं।
महात्यागी शंकरदास, पंढरपुर, महाराष्ट्र
जो प्लॉट आवंटित किया था वहां पहले किसी संत का आश्रम बन रहा था। बीते सिंहस्थ हमें जिस नंबर की जमीन दी थी वह भी बदल गया जबकि बाकी का वही नंबर है। किसी को आश्रम के लिए नाले की जमीन दे दी। किसी को जो प्लॉट दिया वह बीच सड़क पर है।
महंत सुखरामदास महाराज, अयोध्या