Thursday, January 21, 2016

शराब कारोबारी शिवहरे समूह पर आयकर का ऐतिहासिक छापा

- मप्र सहित कई राज्यों के दर्जनों शहर में 55 ठिकानों पर कार्रवाई
- इंदौर में शिवहरे और भाटिया के 13 ठिकानों पर दबिश
- 200 अधिकारियों ने की कार्रवाई
- बड़ी संख्या में काली कमाई और जमीनी निवेश के दस्तावेजी प्रमाण बरामद
- 100 करोड़ से अधिक की काली कमाई का अनुमान
- नजदीक से लेकर दूर तक के रिश्तेदार भी नपे
इंदौर. चीफ रिपोर्टर ।
इंजीनियरिंग एज्युकेशन से लेकर शराब तक का कारोबार करने वाले शिवहरे ग्रुप के  इंदौर, ग्वालियर, भोपाल और जबलपुर सहित दर्जनभर शहरों में 55 ठिकानों पर इनकम टैक्स की इन्वेस्टिगेशन विंग ने गुरुवार को छापेमार कार्रवाई की। इंदौर में ही शिवहरे और उनके भागीदारों के घर के साथ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों सहित कुल 13 स्थानों पर दबिश दी गई। बड़ी गोपनीयता के साथ शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में प्रॉपर्टी के दस्तावेज बरामद किए गए। ठिकानों की संख्या के लिहाज से इसे आयकर मप्र की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि  मप्र, यूपी और झारखंड में आयकर विभाग ने शिवहरे समूह और उनसे जुड़े कारोबारियों के यहां एक साथ छापा मारा है। विभाग ने इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, शिवपुरी, कोलारस, जबलपुर, सागर, बैतूल, सतना, झांसी, जमशेदपुर और धनबाद में कार्रवाई की है। शुरूआती आंकलन में टीम अनुमान लगा रही है ग्रुप ने करीब 100 करोड़ की टैक्स चोरी की है। हालांकि वास्तविक टैक्स चोरी की रकम का पता कार्रवाई पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। कार्रवाई को तकरीबन 200 अधिकारियों की टीम ने अंजाम दिया। स्थानीय स्तर से लेकर भोपाल तक इस ग्रुप की रसूखदारों से लंबी सांठगांठ है। इसमें कई नेताओं के अलावा आबकारी और राज्य शासन के बड़े-बड़े अधिकारियों के नाम शामिल हैं। ग्रुप से सतत लेनदेन रखने वाले इस समूह पर हुई कार्रवाई ने इनकी नींद भी उड़ा दी है।
इंदौर में 13 स्थानों पर कार्रवाई...
इंदौर के शराब करोबारी रामस्वरूप शिवहरे के स्कीम-54 स्थित निवास, 501 शेखर प्लेनेट स्थित रमेशचंद्र राय, 306 एबी स्कीम 74 स्थित हरमिंदर सिंह उर्फ पिंटू भाटिया, 502 शेखर रेसीडेंसी स्थित मुकेश शिवहरे, 76 विजयनगर स्थित सुमित मंडोक  के घर कार्रवाई हुई। इसके साथ ही शिवहरे और भाटिया द्वारा संयुक्त रूप से संचालित बायपास पर मालवा ग्रुप आॅफ इंस्टीट्यूट(एमआईटी) कॉलेज, मंगलसिटी स्थित पब लेवल थ्री, बायपास पर एक फेक्टरी और मक्सी शाजापुर स्थित रेंगट बियर एंड वाइन कंपनी के साथ ही भारती डेवकॉन प्रा.लि. और भारती बिल्डकॉन प्रा.लि. के ठिकानों पर भी कार्रवाई हुई। ग्रुप की दर्जनभर कंपनियां हैं। कंपनी इंदौर-देवास फोरलेन पर शिप्रा स्थित टोल प्लाजा का संचालन भी कर चुकी है। ग्रुप की कोलकाता में भी एक कंपनी है।
पूरे परिवार पर कार्रवाई...
इंदौर में रामस्वरूप शिवहरे, मुकेश शिवहरे, पुनम शिवहरे, गोपाल शिवहरे, भारती शिवहरे, जबलुपर में रणजीत शिवहरे के अलावा आयकर विभाग की टीम ने शिवपुरी जिले के कोलारस में कांग्रेस नगरपंचायत अध्यक्ष और शराब कारोबारी रविन्द्र शिवहरे के यहां भी छापेमारी की कार्रवाई की गई है। रविंद्र रणजीत के मौसेरे भाई हैं। जबलपुर स्थित आशीष शिवहरे के गोरखपुर स्थित घर पर भी रेड मारी।  इसके अलावा जबलपुर टीम ने शराब कारोबारी सतना में लक्ष्मीनारायण शिवहरे एंड संस के लक्ष्मी नारायण शिवहरे और उनके भाईयों के ठिकानों के साथ शहर में उदय शिवहरे, संजय शिवहरे के ठिकानों पर कार्रवाई की। इसी फर्म के सतना, बांदा, बैतूल, रतलाम, ग्वालियर स्थित आवासों, दफ्तरों एवं ग्रुप की दुकानों पर भी कार्रवाई हुई। विंग ने भरहुत नगर में ही राजकुमार शिवहरे और कुलदीप सिंह के घर भी छापा मारा।
‘‘शिवहरे पर कार्रवाई कैसे हो गई’’
शराब सिंडीकेट में अलग रसूख के साथ ही कई मंत्रियों और मुख्यमंत्री तक सीधी पेठ रखने वाले शिवहरे गु्रप पर हुई कार्रवाई ने शराब से लेकर रीयल एस्टेट तक में दखल रखने वालों को चौका दिया। कई तो शुरूआत में छापे की खबर को सिर्फ अफवाह बताते रहे लेकिन पुष्टि के बाद उनके चेहरे भी खिले नजर आए। संबंधित कारोबारियों के मुताबिक बीते कुछ सालों में इस ग्रुप ने इंदौर और जबलपुर के अलावा अन्य शहरों में भी जमीन जायदाद सहित अन्य धंधों में भी काफी पूंजी निवेश की है।

No comments:

Post a Comment